मुख्य सचिव ने गोबर से पेंट बनाने की फैक्ट्री का किया निरीक्षण

मंडलायुक्त को मंडल के समस्त जिलों के सरकारी भवनों की पेंटिंग हेतु गोंठा निर्मित पेंट का उपयोग करने के दिए निर्देश

फास्ट इंडिया न्यूज ब्यूरो

मऊ । उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने विकास खंड दोहरीघाट के ग्राम पंचायत गोठा में स्थित गोबर से पेंट बनाने की फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समूह की महिलाओं से पेंट बनाने की की प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली तथा उनकी बारीकियों को समझा। इसके अलावा उन्होंने प्रतिदिन उत्पादन क्षमता, मार्केटिंग पैकेजिंग आदि के बारे में भी जानकारी ली। मुख्य सचिव ने वहां पर स्टाक रूम का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन नियमित बनाए रखने एवं क्षमता को बढ़ाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी मऊ एवं मंडल आयुक्त को मऊ जनपद के साथ ही बलिया एवं आजमगढ़ के सरकारी भवनों की पेंटिंग हेतु गोंठा निर्मित पेंट के प्रयोग को प्रोत्साहन देने हेतु विशेष प्रयास करने को कहा। फैक्ट्री के अवलोकन के उपरांत मुख्य सचिव ने वहां पर कार्यरत समूह की महिलाओं तथा ग्रामीण लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव को आत्मनिर्भर बनाने हेतु तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। गाय की सेवा करना सनातन धर्म में सबसे बड़ी सेवा मानी जाती है। अब गाय के गोबर से बढ़िया पेंट भी बन रहा है।इस कार्य से जुड़ी सभी महिलाओं का अभिनंदन करते हुए मुख्य सचिव महोदय ने कहा कि अब वह उद्यमी बन चुकी है। आप अपना काम पूरी ईमानदारी से करें एवं पेंट निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखें। आज आप 320 लीटर प्रतिदिन पेंट का उत्पादन कर रही हैं लेकिन पूरी ईमानदारी पूर्वक काम करने एवं पेट की गुणवत्ता बनाए रखने पर आप 3000 से लेकर 3 लाख लीटर तक प्रतिदिन पेंट का निर्माण कर सकती हैं। पेंट निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखें।उन्होंने उपस्थित महिला समूह की महिलाओं को संबंधित करते हुए कहा कि मैं आशा करता हूं कि आपका उद्योग तेजी से आगे बढ़े जिससे आपकी इनकम बढ़े। इस दौरान उन्होंने गोबर से पेंट बनाने की प्रक्रिया को बारीकी से समझाने के लिए समूह में कार्य महिला सुमन गुप्ता एवं बेचनी देवी को भी शाबाशी दी। अपने संबोधन के दौरान ही उन्होंने मुख्य सड़क से पेंट बनाने वाले फैक्ट्री तक सड़क बनाने हेतु निस्वार्थ भाव से भूमि उपलब्ध कराने पर आशीष राय पुत्र श्री झारखंडे राय की भी तारीफ की, जिससे मुख्य मार्ग से फैक्ट्री आसानी से जुड़ सके। उन्होने कहा कि गांव को आत्मनिर्भर बनाने हेतु सरकार विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य है गांव को खुशहाल बनाना है।जब गांव खुशहाल होगा तो जनपद, प्रदेश एवं देश खुशहाल होगा। आप अपने आप को सक्षम बनाएं तभी गांव भी सक्षम होगा। अंत में उन्होंने सभी महिलाओं को आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत स्थित झारखंडी बाबा मंदिर में दर्शन एवं पूजन भी किया।।इसके उपरांत मुख्य सचिव द्वारा विकासखंड बड़गांव के ग्राम पंचायत बरसात पुर स्थित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को बीच तालाब में निशान चिन्ह हेतु खम्भा लगाने तथा उस पर लम्बाई का निशान अंकित कराने को कहा जिससे न्यूनतम गहराई तक हर समय जल की उपलब्धता निश्चित रखी जा सके।उन्होंने चारों तरफ हरे वृक्ष लगाने तथा आसपास की सरकारी भूमि को चिन्हित कर अमृत वाटिका विकसित करने को कहा जिसमें पौधे लगे हो, बेंच लगाए जाए और लोगों के लिए आराम की जगह बन सके। इस दौरान मंडलायुक्त मनीष चौहान, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


फेसबुक पेज

अन्य समाचार