
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अजीत कुमार सिंह ने भरा पर्चा, हजारों समर्थकों ने दिखाई ताकत
शिक्षा, रोजगार और शिक्षकों के मुद्दों को सदन तक पहुंचाने का लिया संकल्प, नामांकन स्थल पर उमड़ा जनसैलाब
गोरखपुर । गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिक्षक, युवा और स्नातक वर्ग के लोकप्रिय नेता अजीत कुमार सिंह ने आज गोरखपुर में अपने हजारों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिवक्ता, युवा और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। समर्थकों के हाथों में माला और नारेबाजी के बीच पूरे नामांकन स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अजीत कुमार सिंह लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों के सम्मान, युवाओं के रोजगार और स्नातक वर्ग की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्षरत रहे हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि अजीत सिंह ही एकमात्र ऐसे प्रत्याशी हैं जो जमीनी स्तर पर इन मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।
इस अवसर पर अजीत कुमार सिंह ने कहा, "शिक्षक समाज का निर्माता है। शिक्षक, युवा और स्नातक वर्ग की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचित होने पर इन सभी वर्गों की आवाज को पूरी ताकत के साथ विधान परिषद और सरकार तक पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।"
नामांकन जुलूस में उमड़े जनसैलाब ने साफ कर दिया है कि इस बार गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।



