प्रदर्शनी के माध्यम से विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और पीड़ितों के संघर्ष को किया गया प्रदर्शित

नई पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराने में महत्वपूर्ण है प्रदर्शनी : मंत्री ए. के. शर्मा

विवेक सिंह, फ़ास्ट इंडिया न्यूज ब्यूरो

मऊ। 14 अगस्त 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जी द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के उपरांत मंत्री ने प्रदर्शनी का विधिवत अवलोकन किया तथा प्रदर्शित चित्रों, अभिलेखों एवं अन्य सामग्री के माध्यम से भारत विभाजन के दौरान घटित घटनाओं, विस्थापन, पीड़ा, संघर्ष एवं मानवीय त्रासदी की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में भारत विभाजन के समय की परिस्थितियों, विस्थापित परिवारों की कठिनाइयों, अपने घर-बार एवं संपत्ति छोड़ने को मजबूर हुए लोगों की पीड़ा तथा उनके संघर्ष को चित्रों एवं विभिन्न ऐतिहासिक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन एवं विशेष रूप से युवा पीढ़ी को विभाजन के दौरान घटित घटनाओं से अवगत कराना तथा इतिहास के इस महत्वपूर्ण एवं पीड़ादायक अध्याय को स्मरण करना रहा। मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन लाखों लोगों के संघर्ष, पीड़ा, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने भारत विभाजन के दौरान अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना किया। विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर, जमीन-जायदाद और अपनी जन्मभूमि छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। अनेक परिवारों ने अपनों को खोया और असहनीय पीड़ा झेली। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें यह संदेश देती है कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि इतिहास की इन घटनाओं को याद करने का उद्देश्य किसी प्रकार की कटुता पैदा करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से सीख लेकर एक मजबूत, शांतिपूर्ण और एकजुट भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को देश के इतिहास के महत्वपूर्ण अध्यायों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को यह जानना आवश्यक है कि देश की स्वतंत्रता और वर्तमान स्वरूप के पीछे कितने लोगों ने त्याग और संघर्ष किया है। विभाजन की विभीषिका से हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए चित्रों एवं अन्य सामग्री का अवलोकन करते हुए कहा कि ऐतिहासिक घटनाओं को चित्रों एवं अभिलेखों के माध्यम से प्रस्तुत करने से आमजन को उस समय की परिस्थितियों को समझने में आसानी होती है। उन्होंने प्रदर्शनी के आयोजन के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान प्रभावित परिवारों की पीड़ा, विस्थापन की परिस्थितियों, लोगों के संघर्ष तथा तत्कालीन घटनाक्रम से संबंधित विभिन्न चित्र एवं सामग्री प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व भाजपा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता वरिष्ठ भाजपा नेता गनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने का संदेश दिया।


फेसबुक पेज

अन्य समाचार