
एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने सम्मान समारोह में शिक्षकों के लिए सरकार की गिनाई उपलब्धियां।
शिक्षकों ने एमएलसी एवं मुख्यमंत्री का जताया आभार
(विवेक कुमार सिंह)
मऊ । नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में शनिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद मऊ के तत्वावधान में एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का सम्मान समारोह एवं शिक्षा उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ, जो शाम 3:30 बजे तक चला। समारोह में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जबकि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी विशिष्ट अतिथि रहे। इस दौरान एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का सम्मान समारोह एवं शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर हमेशा तत्पर रहते है।जिसके शिक्षकों द्वारा इनका सम्मान एवं आभार व्यक्त करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षक हित में तीन बड़े ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहला महत्वपूर्ण फैसला उन शिक्षकों के लिए है, जिन्होंने अभी तक टीईटी उत्तीर्ण नहीं किया है। ऐसे शिक्षकों की सेवाएं सुरक्षित रखने के लिए सरकार विभागीय टीईटी आयोजित करेगी, जिससे उनकी सेवाएं यथावत बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शासनादेश भी जारी किया जा चुका है।
एमएलसी ने बताया कि वर्तमान टीईटी परीक्षा का परिणाम घोषित होने के लगभग दो माह के भीतर विभागीय टीईटी आयोजित कराई जाएगी। इससे लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को दोबारा सामान्य टीईटी परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी और उनकी सेवा निरंतर बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दूसरा बड़ा निर्णय सभी शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने इसे लंबे समय से लंबित मांग का समाधान बताते हुए कहा कि इससे हजारों शिक्षक परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तीसरा ऐतिहासिक फैसला 50 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक की दुर्घटना बीमा योजना लागू करना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए राज्य सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के इन निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज इन ऐतिहासिक फैसलों के लिए उनका अभिनंदन करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार नई शिक्षक भर्तियों की दिशा में भी गंभीरता से कार्य कर रही है और जल्द ही इस संबंध में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम में एमएलसी प्रतिनिधि शशि सिंह सहित शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों, बड़ी संख्या में शिक्षकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भाग लिया और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा शिक्षक हितों की रक्षा के लिए सरकार से लगातार सकारात्मक पहल जारी रखने की अपेक्षा जताई।




