
दोहरीघाट मेमो ट्रेन उद्घाटन के दौरान हुआ बवाल,भाजपा-सपा समर्थकों में हुई झड़प,पूर्व प्रमुख के साथ पुलिस ने किया धक्का मुक्की
मंत्री जी के कुछ हिस्ट्रीशीटर समर्थक कार्यक्रम में बवाल करना चाहते थे :सांसद राजीव राय
भाजपा द्वारा कराए जा रहे कार्यों का सपा श्रेय लेना चाहती है और मीडिया में बने रहना चाहती :मंत्री एके शर्मा
फास्ट इंडिया न्यूज ब्यूरो
मऊ । उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दोहरीघाट औड़िहार मेमो ट्रेन उद्घाटन के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। मामला तब और गहरा गया जब घोसी के पूर्व ब्लाक प्रमुख व संभावित विधानसभा प्रत्याशी सुजीत सिंह के साथ सीओ और इंस्पेक्टर सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने धक्का मुक्की किया।इस घटना के बाद सपा समर्थकों में आक्रोश फैल गया। और मौके पर बवाल शुरू हो गया।इस दौरान मंच पर मंत्री ए०के० शर्मा सहित भाजपा जिलाध्यक्ष व घोसी के सांसद राजीव राय मौजूद रहे।
वही सूत्रों की माने तो भाजपा के दो गुट आपस में भी भीड़ गये जहां फायरिंग की सूचना भी मिल रही है।
सपा सांसद राजीव राय ने कहा- उनकी ओर से मंच पर किसी तरह की कोई समस्या नहीं थी। कुछ लोग जानबूझकर हंगामा करने का प्रयास कर रहे थे। आप इस बात का आत्ममंथन और चिंतन करिए कि हंगामा करने वाले कौन लोग थे? ये कुछ ठेकेदार किस्म के लोग हैं, जो ठेका पाने के लिए उतावलापन दिखा रहे थे।
आप लोगों ने देखा कि घोसी के सांसद को आगे जाने नहीं दिया जा रहा था। यहां की जनता ने 5 लाख वोटों से जिताया है और मेरे सामने कुछ गुंडे खड़े होकर नारेबाजी कर रहे थे। मेरी गाड़ी तक नहीं जाने दी गई, मुझे पैदल उतरकर जान पड़ा।इन्हें शर्म आनी चाहिए।
सांसद ने आरोप लगाया- मेरे पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया था। हमसे पहले उनके कार्यकर्ता, जो हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति के थे, आपस में मारपीट कर रहे थे और हवाई फायरिंग भी की गई।
मौके पर सपा के केवल मुट्ठी भर लोग मौजूद थे, जबकि दूसरी ओर के हजारों कार्यकर्ता थे। अगर उनके कार्यकर्ता भी भिड़ जाते, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
राजीव राय ने तंज कसते हुए कहा- मंत्री जी, आप फोर्स लेकर बैठे रह जाते, अगर किसी कार्यकर्ता की पिटाई हो जाती तो क्या होता?
सपा श्रेय लेने के लिए हंगामा कर रही
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा- सपा पर आरोप लगाते हुए कहा सपा की गुंडई और जबरदस्ती को जनता देख रही है। क्षेत्र में हो रहे सभी विकास कार्य भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कराए जा रहे हैं।
भाजपा सरकार द्वारा कराए जा रहे कार्यों का सपा केवल श्रेय लेने के लिए इस तरह का विरोध और हंगामा कर रही है। फोटो छपवाने और मीडिया में आने के लिए सपा इस तरह के काम कर रही है।
मंत्री एके शर्मा ने दावा किया कि सपा के लोग जितना विरोध करेंगे, जनता उतनी ही मजबूती से भाजपा के साथ खड़ी होगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार दोहराया जाएगा, बंगाल दोहराया जाएगा और उत्तर प्रदेश में 2027 भी दोहराया जाएगा।


